पूरा दिन परिवारों के साथ जमे रहे लोग
रविवार को एक लाख 28 हजार लोगों ने देखा पाईटैक्स
अमृतसर, 8 दिसंबर। पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित किए जा रहे 18वें पाईटैक्स के दौरान रविवार को शहर वासियों ने जहां खूब मस्ती की वहीं अमृतसर के अलावा तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट व जालंधर से भी भारी संख्या में लोग यहां पहुंचे। पाईटैक्स में रविवार को बहुत से परिवार ऐसे भी देखे गए जो पूरा दिन यहीं पर रहे।
चैंबर द्वारा यहां पांच दिसंबर से 18वें पाईटैक्स का आयोजन किया जा रहा है। जिसके चलते रविवार को छुट्टी के दिन भारी भीड़ उमड़ी। पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री पंजाब चैप्टर के चेयर कर्ण गिल्होत्रा ने कहा कि अमृृतसर अंतरराष्ट्रीय महत्व वाला पर्यटक स्थल है। जिसके चलते दरबार साहिब में माथा टेकने के लिए दूर-दराज से आए श्रद्धालु भी आज पाईटैक्स में पहुंचे।
उन्होंने बताया कि रविवार को यहां आने वाले लोगों ने फूड कोर्ट में लगे विभिन्न स्टॉल का जमकर लुत्फ उठाया। सर्दी के मौसम में खिली धूप के बीच ज्यादातर लोग यहां परिवारों समेत पहुंचे हुए थे। इसी दौरान पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री की क्षेत्रीय निदेशक भारती सूद ने कहा कि रविवार को यहां करीब एक लाख 28 हजार पर्यटक आए हैं। यह अपने आप में एक रिकार्ड है। सोमवार को मेले का अंतिम दिन है। ऐसे में अंतिम दिन खरीददारी करने वालों की संख्या बढ़ सकती है।