चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने सीमा पार से होने वाली हथियार तस्करी की घटना को असफल बनाते हुए दो युवकों को भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी पाकिस्तान से आए हुए हथियारों की डिलीवरी देने की तैयारी में थे। पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को जारी जानकारी में बताया कि अमृतसर के घरिंडा के निकट से पंजाब पुलिस व काउंटर इंटेलीजेंस विंग ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पाकिस्तान से आई हथियारों की खेप को पंजाब में किसी अन्य गैंगस्टर को सौंपने की तैयारी में थे। पकड़े गए आरोपियों से आस्ट्रेलिया व तुर्किए में बनी आठ अलग-अलग श्रेणी की पिस्तौल तथा दस कारतूस बरामद किए गए हैं। डीजीपी ने बताया कि आरोपियों की पृष्ठभूमि के साथ-साथ उनके पंजाब व अन्य राज्यों में हथियार तस्करों के साथ संबंधों के बारे में पता लगाया जा रहा है।