चंडीगढ़। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार की देररात दरबार साहिब में माथा टेकने के लिए पहुंचे। राहुल गांधी अल सुबह अमृतसर से वापस लौट गए। पंजाब के चार विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है। इससे पहले राहुल गांधी का दौरा कांग्रेसियों के लिए अहम माना जा रहा था लेकिन राहुल यहां किसी से नहीं मिले।
इससे पहले राहुल गांधी पिछले साल 2 अक्टूबर को गोल्डन टेंपल आए थे। 3 दिन के लिए रुके थे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार देररात अमृतसर पहुंचे। राहुल रांची से अमृतसर पहुंचे थे। यहां के सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व डिप्टी सीएम ओम प्रकाश सोनी समेत कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं के साथ दरबार साहिब पहुंचे। यहां माथा टेकने के बाद राहुल ने पानी पिलाने और बर्तन धोने की सेवा की।
कुछ देर के लिए वह जोड़ा घर भी गए जहां उन्होंने श्रद्धालुओं के जूते संभाले। इसके बाद राहुल गांधी यहां एक अन्य कार्यक्रम में भी शामिल हुए। अल सुबह राहुल गांधी अमृतसर से रवाना हो गए। राहुल गांधी के दरबार साहिब दौरे के दौरान उस समय हंगामा हो गया जब उन्हें वीआईपी दर्शन कराए जाने को लेकर एक महिला ने हंगामा खड़ा कर दिया। महिला ने कहा कि लाइन में लगे लोगों को एक तरफ करके राहुल को आगे ले जाकर दर्शन कराए गए। गोल्डन टेंपल में इस तरह दर्शन की परंपरा नहीं है। जिसको दर्शन करना है, लाइन में लगना चाहिए।