अमृतसर व तरनतारन में चलाया सर्च ऑपरेशन
चंडीगढ़। बीएसएफ ने भारत पाकिस्तान सीमा पर अमृतसर व तरनतारन में सर्च ऑपरेशन चलाते हुए पांच पाकिस्तानी ड्रोन व एक किलो हेरोइन बरामद की है।
बीएसएफ ने यह ऑपरेशन पंजाब पुलिस के साथ मिलकर चलाया है। इस दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई है। ड्रोन की मदद से भारतीय सीमा में नशीले पदार्थ गिराए जा रहे थे। बीएसएफ के अनुसार कोहरे के कारण सीमा पार से तस्करी व ड्रोन घुसपैठ की घटनाएं बढ़ने की आशंका के चलते सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई गई है।
बीएसएफ व पंजाब पुलिस ने बीती रात मिलकर अमृतसर व तरनतारन इलाके में जांच के दौरान पांच ड्रोन पकड़े। जिनमे चार ड्रोन डीजेआई माविक थ्री क्लासिक ओर एक ड्रोन डीजेआई एयर थ्री एस शामिल है। जांच के दौरान दो ड्रोन के साथ पीले रंग के पैकेट बंधे मिले। जिनमे एक मे 548 ग्राम तथा एक मे 555 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। बीएसएफ की शिकायत पर पंजाब पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पंजाब पुलिस आसपास के गांवों में पाकिस्तानी संपर्क वाले लोगों को तलाश रही है।