चंडीगढ़। पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने गुरुवार सुबह साढ़े तीन बजे मुठभेड़ में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर घायल हो गया,जबकि दूसरे को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों को अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमृतसर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस पिछले तीन दिनों से इन तस्करों का पता लगा रही थी। रात को सूचना मिली कि आरोपी तरनतारन रोड स्थित पार्क के आसपास देखे गए हैं। जिसके बाद पुलिस टीमों ने प्लानिंग के साथ कार्रवाई शुरू कर दी थी।
बृहस्पतिवार की अल सुबह अमृतसर के तरनतारन रोड स्थित एक पार्क में छिपे होने की सूचना के चलते पुलिस ने पार्क को घेर लिया। तस्करों ने रात पुलिस की गाडिय़ां देख फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां पुलिस की गाडिय़ों पर लगी। जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक तस्कर की जांघ में गोली लगी,जबकि दूसरे को भागते हुए पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों तस्कर तरनतारन के रहने वाले हैं।
तस्करी के साथ-साथ दोनों ही शार्प शूटर भी हैं। जो सुपारी लेकर घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस ने दोनों तस्करों से दो पिस्टल भी बरामद किए हैं। पंजाब पुलिस महानिदेशक इस घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी आज शाम जारी करेंगे।