समाधान शिविर में पीपीपी इनकम, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, पानी, सफाई सम्बन्धी शिकायतें आई
कार्यदिवस पर सुबह 9 बजे से 11 बजे तक लघु सचिवालय के सभागार में सुनीं जा रही हैं समस्याएं
पंचकूला, 14 जून - उपायुक्त डा. यश गर्ग की अध्यक्षता में आज लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बुढ़ापा पेंशन, अविवाहित पेंशन, पीने के पानी, सफाई सम्बन्धी शिकायतें आई। उपायुक्त ने शिकायतों को सम्बन्धित अधिकारियों को जल्द से जल्द हल करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने परिवार पहचान पत्र से सम्बन्धित शिकायतों को लेकर निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले पीपीपी की शिकायतों का उसी दिन वेरीफिकेशन करवाना सुनिश्चित करंे और जिन बिन्दुओं में वेरीफिकेशन की जरूरत नहीं है उनको मौके पर ही दुरूस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों को भी अपनी समस्याएं बिना किसी देरी के दूर करनी चाहिए।
डा. यश गर्ग ने जिलावासियों ने अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा हैं। इस शिविर में जिलावासी अपनी समस्या, परेशानी की शिकायत दे सकते हैं।
3 दिनों से गांव में नहीं पीने का पानी
ग्राम पंचायत मगणीवाला ने समाधान शिविर में गांव की कई समस्याओं को रखा। पंचायत ने बताया कि गांव में 3 दिनों से पीने का पानी नहीं है। गांव को जोड़ने वाला रास्ता कच्चा है, उसको पक्का करवाया जाना चाहिए।
खड़क मंगोली के ग्रामीणों ने भी पीने के पानी उपलब्ध करवाने और नालों की सफाई करवाने की शिकायत दी। साथ ही पुलिस विभाग से माजरी चैक को बेरीकेट लगाकर बंद करने से उन्हें आने-जाने में हो रही दिक्कतों की लिखित में शिकायत दी।
त्रिलोचन सिंह ने बताया कि वो गांव से बाहर डेरे में पांच परिवार रहते हैं। जोकि 800 मीटर की दूरी पर है। पीने के पानी की व्यवस्था करवाने की गुहार लगाई।
शादी के बाद नीदरलैंड ले जाने का दिया झांसा
युवती ने शिकायत में आरोप लगाया कि युवक ने उसको शादी करके नीदरलैंड लेकर जाने का झांसा दिया है। रिश्ता तय होने बाद शादी से पहले ही उसके परिजनों से दहेज की मांग की गई। इस मामले की शिकायत महिला थाना पुलिस को दी हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करने के बाद जांच को आगे नहीं बढ़ाया।
सेक्टरों के खाली प्लाटों की सफाई की मांग
भगवान दास ने अपनी शिकायत में बताया कि सेक्टरों में खाली पड़े हुए प्लाटों में बड़ी-बड़ी घास उगी हुई है। बार-बार शिकायत के बाद भी सम्बन्धित विभाग उनकी सफाई नहीं करवा रहे है। घास के बार उन्हें बीमारी का खतरा तो बना हुआ है और अब तो वहां से सांप भी निकलने लगे हैं।
परिवार पहचान पत्र से सम्बन्धित आई शिकायतें
आशीफ अली ने बताया कि वो शादी के बाद से अपनी पत्नी का नाम पीपीपी में शामिल करवाने की कई बार गुहार लगा चुका है। अब उसकी पत्नी 8 महीने की गर्भवती है, पीपीपी में नाम ना होने के कारण उसे इलाज में और सरकार द्वारा दी जाने वाले सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।
महिला बतेरी देवी ने बताया कि उसके पति का नाम अन्य पीपीपी में जुड़ा हुआ है। पति सर्विस में हैं और रिटायमेंट भी नजदीक है। पीपीपी ठीक ना होने के कारण परिवार परेशान चल रहा है। मंगत राम ने राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की। हरदीप सिंह ने इनकम ठीक करवाने की शिकायत दी।
विक्रम ने अपने परिवार के आजमगढ़ निवासी सदस्यों को परिवार पहचान पत्र से अलग करने की गुहार लगाई। महिला शांति ने भाई की पीपीपी से अपनी अलग आईडी बनवाने की समस्या रखी। वहीं राजेंद्र प्रसाद ने अपने बेटे की पीपीपी आईडी को अलग बनवाने की शिकायत दी।
पेंशन बनवाने की मांग
महिला सुरजीत कौर ने बताया कि उसकी आयु 60 वर्ष से ज्यादा हो चुकी है। पति 100 प्रतिशत दिव्यांग है। उसकी बुढ़ापा पेंशन नहीं बन पा रही है। महिला शकुंतला ने बताया कि वो पेंशन के लिए कई बार विभाग के पास शिकायत दे चुकी हैं, अब तक उसकी पेंशन नहीं बनी है।
काला राम ने बताया कि वो अविवाहित पेंशन पाने की सभी योग्यताएं रखते हैं, पर पेंशन शुरू नहीं की जा रही है। महिला कृष्णा ने बताया कि पिछले करीब 18 महीने से उसकी बुढ़ापा पेंशन रोकी हुई है। जिस कारण से उसे काफी परेशानियां हो रही हैं।