हिसार: राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ (949) हरियाणा संबंधित अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला कार्यकारिणी हिसार की एक बैठक स्थानीय क्रांतिमान पार्क में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान सतीश शर्मा ने की। यह जानकारी देते हुए जिला पै्रस प्रवक्ता धर्मबीर नियाणा ने बताया कि बैठक में राज्य भर के प्राथमिक शिक्षक अपनी विभिन्न मांगों व समस्याओं को लेकर पिछले 68 दिनों से जारी अनशन बारे विस्तार से चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि गत 18 फरवरी 2013 से प्रदेश भर के प्राथमिक शिक्षक शिक्षा निदेशालय पंचकूला में क्रमिक अनशन पर बैठे हुए हैं, परंतु बड़े ही खेद की बात है कि राज्य सरकार व शिक्षा विभाग इस बारे में किसी भी प्रकार संज्ञान नहीं ले रहे, जिससे प्रदेश भर के प्राथमिक शिक्षकों में गहरा रोष पनप रहा है। बैठक को संबोधित करते हुए सतीश शर्मा ने कहा कि अगर जल्द ही सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंगी तो पूरे प्रदेश में प्राथमिक शिक्षक बड़ा जन आंदोलन छेडऩे पर मजबूर होंगे। इसके लिए 28 अपै्रल को पंचकूला शिक्षा सदन में प्राथमिक शिक्षकों की राज्य स्तरीय बैठक में आगामी आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी। बैठक के उपरांत जिला कार्यकारिणी हिसार ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बलजीत सिंह सहरावत को प्राथमिक शिक्षकों की मांगों को लेकर विरोध स्वरूप ज्ञापन सौंपा।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले लंबे समय से प्राथमिक शिक्षकों के हितों पर कुठाराघात करती आ रही है। शिक्षा विभाग व सरकार शिक्षकों की समस्याओं को दूर करना तो दूर उनकी आवाज को ही अनसुना कर रही है, जिससे शिक्षकों में सरकार के प्रति भारी गुस्सा है। ज्ञापन में कहा गया है कि एक ओर तो प्रदेश सरकार शिक्षा क्रांति की बात करती है, वहीं दूसरी ओर शिक्षकों की जायज मांगों की तरफ ध्यान देना भी जरूरी नहीं समझती। शिक्षकों की मुख्य मांगों में प्राथमिक शिक्षकों के काफी समय से लंबित अन्तरजिला स्थानांतरण किए जाएं, जिससे महिला शिक्षकों सहित अन्य अध्यापक अपने गृह जिले में शिक्षण कार्य करवा सकें, आरटीई को सही तरीके से लागू करते हुए अध्यापक-छात्र अनुपात 1-30 किया जाना, मुखिया के बिना किसी भी स्कूल का संचालन सही प्रकार से नहीं हो सकता, इसलिए छात्र संख्या की शर्त को हटाते हुए प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में मुख्य शिक्षक का पद अनिवार्य करने, योग्यता प्राप्त प्राथमिक शिक्षकों को स्कूल प्रवक्ता पद के लिए प्रमोशन में कोटा निर्धारित किया जाए, वर्ष 2000 में नियुक्त शिक्षकों को पदोन्नति के साथ-साथ अन्य विभागीय लाभ दिए जाएं, प्राथमिक स्कूलों में पढऩे वाले सभी विद्यार्थियों को सभी प्रकार की प्रोत्साहन राशी सत्र के आरंभ में ही मुहैया करवाई जाए, ताकि विद्यार्थी उनका सही प्रकार से उपयोग कर सके, पंजाब व हिमाचल की तर्ज पर हरियाणा में भी प्राथमिक शिक्षकों का आरंभिक वेतनमान 16290 लागू किया जाए, मुख्य शिक्षक को मिडल हैड की पदोन्नति में कोटा दिए जाने आदि मांगे प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन मांंगों के लिए शिक्षक पिछले लंबे समय से संघर्षरत हैं, जिसके तहत रोहतक सेक्टर 6 में राज्यभर के शिक्षकों ने पिछले दिनों अपनी गिरफ्तारियां भी दी थी।