चण्डीगढ़: हरियाणा की शिक्षामंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि राजकीय विद्यालयों की चार दीवारी पर किसी भी प्रकार के पोस्टर लगाने, पेंटिंग करने आदि पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्कूलों की चार दीवारी पर शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षा प्रदत्त करने स्लोगन, पेंटिंग आदि करवाई जाएगी ताकि स्कूल का सौंदर्यकरण हो। इसके अलावा, राजकीय बहुतकनीकी शिक्षण संस्थानों व औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में कैंटीन की सुविधा विद्यार्थियों के लिए शुरू की जाएगी।
यह जानकारी शिक्षामंत्री ने आज झज्जर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रांगण का निरीक्षण करने उपरांत दी। उन्होंने कहा कि राजकीय विद्यालयों के सौंदर्यीकरण व सुधारीकरण की दिशा में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल प्रदान करते हुए सरकार की ओर से सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों के खाली पदों को भरने के लिए भी विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
शिक्षामंत्री ने झज्जर के दोनों राजकीय विद्यालयों में जहां मार्किंग कर रहे शिक्षकों की कार्यशैली को देखा वहीं कक्षाओं में विद्यार्थियों व शिक्षकों से भी रूबरू हुई। साथ ही उन्होंने शहर के माडल स्कूल में शुरू होने वाले हरियाणा राज्य शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान व राजकीय बहुतकनीकी शिक्षण संस्थान का भी निरीक्षण किया। श्रीमती भुक्कल ने बताया कि शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए राज्य सरकार की ओर से सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि रोजाना विद्यालय के सभी कमरों में सफाई करानी संबंधित स्कूल प्राचार्य द्वारा सुनिश्चित की जाए ताकि विद्यार्थी दूषित वातावरण में न बैठें। उन्होंने स्कूल मुखियाओं को स्कूल प्रांगण में व्यवस्थित ढंग से पौधारोपण कराने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
उन्होंने बताया कि राजकीय बहुतकनीकी शिक्षण संस्थानों व औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में कैंटीन की सुविधा विद्यार्थियों के लिए शुरू की जाएगी। विद्यार्थी शिक्षण संस्थान के बाहर से खाद्य पदार्थों की खरीद करते हैं, ऐसे में स्वास्थ्य संबंधित किसी प्रकार से परेशानी न हो इसके लिए यह योजना तैयार की गई है।