चंडीगढ़ - हरियाणा पुलिस ने रोहतक जिला कारागर में बंद एक कैदी द्वारा पुलिस पार्टी पर हमला कर फरार होने की रची गई साजिश को विफल कर दिया। पुलिस ने कैदी के साथियों को गिरफ्तार कर जेल से मोबाइल फोन भी बरामद किए। आरोपी ने स्वीकार किया है कि जेल में बंद कैदी की योजना अनुसार पुलिस पार्टी पर हमला कर उसे छुड़ाने की साजिश रची गई थी। कैदी हत्या के मामले में जेल में बंद है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जेल में बंद कैदी के पास मोबाइल फोन है और वह बाहर अपने साथियों के साथ संपर्क करने में लगा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम को इसकी जिम्मेदारी सौंपी और साइबर सैल की मदद से पुलिस टीम का पता चला कि घनीपुरा निवासी कपिल की जेल में बंद कच्चा बेरी रोड़ निवासी विक्की से संपर्क में है। पुलिस ने देर रात ही जेल में छापा मारकर विक्की के कब्जे से एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड बरामद किया। बैरक नंबर चार में बंद विक्की ने पुलिस को बताया कि वह कपिल से संपर्क में था। पुलिस ने देर रात ही कपिल को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो कपिल ने खुलासा किया कि विक्की ने पेशी के दौरान पुलिस हिरासत से भगाने की योजना बनाई थी। कपिल ने पुलिस को बताया कि गुडगांव में गिरोह बंदी के मामले में गिरफ्तार विक्की ने पेशी के दौरान रास्ते में पुलिस पार्टी पर हमला कर भगाने की योजना बनाई थी। जिसे पुलिस की विशेष टीम ने साजिश को विफल कर दिया। पुलिस कपिल से पूछताछ कर रही है। इस संबंध में पुलिस ने जेल अधीक्षक के बयान पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने जेल में बंद घिलौड कलां निवासी मंदीप व इस्माइला निवासी नवीन के कब्जे से एक-एक मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, दो बैटरी बरामद हुए। सूचना मिलने पर शिवाजी कालोनी पुलिस रोहतक कारागार पहुंची और बरामद सामान को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बैरक नंबर चार में सर्च अभियान चलाया और जांच पड़ताल की।