चंडीगढ, 24 अप्रैल- हरियाणा सरकार की गरीबों के लिए दो लाख मकानों के निर्माण की महत्वाकांक्षी परियोजना में टाटा ग्रुप के चेयरमैन सायरस पलौनजी मिस्त्री ने मदद करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कृषि और उर्वरक के क्षेत्र में भी सहयोग देने पर अपनी इच्छा जताई है।
सायरस पलौनजी मिस्त्री ने आज मुख्यमंत्री हुड्डा से उनके निवास पर भेंट की।
हुड्डा ने उन्हें अवगत कराया कि समाज के कमजोर वर्गों को रियायती दरों पर आवास उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक हैं। प्रियदर्शनी आवास योजना नामक राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में इंदिरा आवास योजना के पात्र परिवारों तथा अन्य गरीब परिवारों जिन्हें 100-100 वर्ग गज के प्लाट आवंटित किए गए हैं और जिनका अपना घर नहीं है या कच्चा मकान है, को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाना है।
शुरूआती दो वर्ष में परियोजना में दो लाख परिवारों को कवर किया जायेगा, जोकि वित्त वर्ष 2013-14 एवं 2014-15 है।