चंडीगढ - हरियाणा के सभी जिलों में आज राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत पल्स पोलियो-2013 में 25.20 लाख पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। राज्य में पोलियो की खुराक विशेष तौर पर स्थापित बूथों पर पिलाई गई। इस तीन दिवसीय अभियान के पहले दिन आज 63 प्रतिशत लक्ष्य को हासिल किया गया ।
इस संबंध में जानकारी देते हुए हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि इस अभियान के तहत राज्य में 40 लाख बच्चों को कवर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के श्रम मंत्री पंडित शिव चरण लाल शर्मा ने पोलियो अभियान की शुरूआत जिला फरीदाबाद में पोलियो की खुराक पिलाकर की। विधायक सुमीता सिंह ने भी जिला करनाल में इस अभियान की शुरूआत की।
उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले दो दिनों तक जारी रहेगा और पोलियो खुराक पिलाने वाली टीमें घर-घर जाकर शेष बचे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएगी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए राज्य में 16669 बूथ स्थापित किए गए और इन बूथों पर 66 हजार स्वास्थ्य कर्मी, स्वयंसेवी, आंगनवाडी कार्यकर्ता और आशा वर्कर लगाए गए हैं। पीजीआईएमएस रोहतक और विश्व स्वास्थ्य संगठन के नेशनल पोलियो सर्विलेंस परियोजना के अलावा लगभग 33 हजार अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान को सुपरवाईज करेंगें।
इस अभियान के तहत विशेष तौर पर उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया जैसे कि स्लम, ईंट के भटठे, फलोटिंग या विस्थापित जनसंख्या और निर्माण स्थल ताकि इस अभियान के तहत कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह सकें। लगभग 1500 मोबाइल टीमें इस अभियान के दौरान कार्य करेंगी ताकि इन क्षेत्रों में कोई भी गरीब बच्चा पोलियो खुराक से वंचित न रह सकें। प्रत्येक पल्स पोलियो टीकाकरण के सफल अभियान के साथ पोलियोग्रस्त क्षेत्रों में यह कम हो रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे स्वास्थ्य विभाग के साथ सहयोग करें ताकि राज्य से इस पोलियो को जड से खत्म किया जा सकें।