चंडीगढ़, 9 अप्रैल-हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरूक्षेत्र के हिन्दी विभाग के सहयोग से 11 अप्रैल को प्रातः साढे 9 बजे कुरूक्षेत्र में हरियाणवी भाषा साहित्य और संस्कृति विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
हरियाणा साहित्य अकादमी के निदेशक श्याम सखा श्याम ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस संगोष्ठी का शुभारम्भ कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति लै0 जनरल (सेवानिवृत) डा0 डी डी एस संधू करेंगे। उन्होंने बताया कि अकादमी द्वारा हरियाणवी लोक साहित्य एवं भाषा के संवर्धन के लिए महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में संगोष्ठियों का आयोजन किया जाता है, जिसमें लोक कथा की रचना प्रक्रिया और सामाजिक सरोकारों पर चर्चा के स्तर रखे जाते हैं।
इस संगोष्ठी में हरियाणवी साहित्य और संस्कृति के मर्मज्ञ विद्वान डा० जयनारायण कौशिक मुख्य वक्ता होंगे। हिंदी, हरियाणवी व संस्कृत के वयोवृद्घ रचनाकार श्री मदनलाल शास्त्री, डा० सावित्री विशिष्ठ एवं डा० परमानन्द पांचाल भी संगोष्ठी को सम्बोधित करेंगे।
हिन्दी विभागाध्यक्ष डा० सरिता वशिष्ठ ने बताया कि इस अवसर पर आसपास के महाविद्यालयों के शोधार्थियों / प्राध्यापकों को हरियाणवी साहित्य के लगभग 30 विषयों पर अपने शोध पत्र तैयार करने के लिए आमंत्रित किया गया है। इन विषयों में हरियाणवी लोरियां, हरियाणवी पहेलियां, मुहावरे, लोक विज्ञान, पर्यावरण सहित लोक साहित्य के विभिन्न पक्ष शामिल हैं। प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों से आमंत्रित 200 से अधिक शोधार्थी एवं प्राध्यापक इस संगोष्ठी में भाग लेंगे।