शिमला 5 अप्रैलः मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने आज यहां शिमला के राजकीय आयुर्वेद औषधालय, कैथू में कार्यरत डॉ. अनुराग विजयवर्गीय द्वारा लिखित पुस्तक ‘‘जीवन शैली के रोग और आयुर्वेद’’ के नये संस्करण का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक पाठकों के लिए उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि पुस्तक में वर्णित आयुर्वेद के विभिन्न उपायों को अपनाकर स्वस्थ एवं सुखी जीवन जीने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद को भारतीय जीवन पद्घति का आधार माना जाता है और इसके मूल सिद्घान्तों को अपनाकर स्वस्थ एवं आदर्श जीवन जीने की राह प्रशस्त होती है। इस पुस्तक में विभिन्न रोगों के लक्षण और उनके उपचार का वर्णन प्रभावी और सरलता से किया गया है।
उल्लेखनीय है कि इस पुस्तक को वर्ष 2012 में हिन्दी दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति श्री प्रणव मुखर्जी द्वारा राजीव गांधी राष्ट्रीय ज्ञान विज्ञान पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।