चंडीगढ़ - हरियाणा सरकार द्वारा जनसंख्या नियंत्रण हेतू चलाई गई परिवार नियोजन कार्यक्रम को और आकर्षित व लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से अब निजि अस्पतालों को नलबंदी व नसबंदी के आप्रेशन करने की मान्यता दी जाएगी। सिरसा जिला में इस कार्य के लिए निजि क्षेत्र के चिकित्सकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। अभी तक डेढ़ दर्जन चिकित्सकों ने इस येाजना के लिए सिविल सर्जन कार्यालय में आवेदन भेजे हैं।
विभाग द्वारा निजि क्षेत्र के क्लीनिकों और अस्पतालों को मान्यता दिए जाने के बाद नसबंदी व नलबंदी का आप्रेशन कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें 1500 रुपए की राशि विभाग द्वारा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रेरक को भी 150 से 200 रुपए तक की राशि दी जाएगी। यह योजना हरियाणा में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत शुरू की गई है और मिशन निदेशक द्वारा भी सिविल सर्जन को निर्देश दिए हैं कि वे इण्डियन मैडिकल एसोसिएशन के साथ सम्पर्क स्थापित कर इसे शुरू करवाएं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सरकारी अस्पतालों में पुरूषों को नसबंदी करवाने के लिए सरकार की तरफ से प्रोत्साहन राशि के रूप में 1100 रुपए दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन बसर करने वाली महिलाओं को नलबंदी के लिए 600 रुपए की राशि इस समय प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन की इन योजनाओं के तहत आशा वर्कर और आंगनवाड़ी वर्करों को भी प्रेरक के रूप में राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। यदि कोई आशा वर्कर दो बच्चों के बाद महिला की नलबंदी करवाती हैं तो उन्हें एक हजार रुपए की राशि दी जाएगी। यदि आशा वर्कर द्वारा विभिन्न प्रकार की विधियों का इस्तेमाल करवाकर पहले व दूसरे बच्चे में तीन साल का अन्तर करवाया जाता है तो उसे भी विभाग द्वारा 500 रुपए की राशि दी जाएगी। इसके साथ-साथ नव दम्पति को पहला बच्चा दो साल के बाद पैदा होता है तो इस मामले में विभिन्न विधियां बताने वाली आशा वर्कर को भी 500 रुपए की राशि दी जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सामान्य नलबंदी के मामलों में 150 रुपए की राशि दी जाएगी।
प्रवक्ता ने बताया कि परिवार नियोजन की इस नई योजना के क्रियान्वयन के बाद निजि क्षेत्र के सर्जन व नसबंदी व नलबंदी की सर्जरी से सम्बन्धित से प्रशिक्षण प्राप्त किए डाक्टर ही मान्यता के लिए आवेदन कर सकेंगे। मान्यता प्राप्त अस्पतालों के डाक्टरों को अपने क्लीनिक में किए गए नसबंदी व नलबंदी के आप्रेशन का ब्यौरा रखना होगा और सिविल सर्जन अस्पताल में जमा करवाना होगा। यदि कोई डाक्टर सरकार की योजना के तहत उक्त धनराशि न लेना चाहे तो उसे सिविल सर्जन कार्यालय में रिकार्ड आदि भी जमा करवाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति नलबंदी व नसबंदी के लिए स्वयं आएगा, उसे प्रेरक को दिए जाने वाली राशि भी उसी व्यक्ति को ही दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सिरसा जिला में पहले से चल रही प्रोत्साहन राशि की योजना अनुसार नसबंदी करवाने पर 19 लाख 82 हजार 350 रुपए की राशि दी जा चुकी है। इसी प्रकार से नलबंदी करवाने पर 7240 रुपए की राशि चालू वित्त वर्ष के दौरान दी गई है। उन्होंने बताया कि जनवरी माह के दौरान इस परिवार नियोजन की योजना को मूर्तरूप दे दिया जाएगा।