चण्डीगढ़, 6 अप्रैल- हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने नई दिल्ली स्थित कन्ट्री क्लब की एक सप्ताह तक चली खेल प्रतियोगिता में वरिष्ठ नागरिक श्रेणी में टैनिस स्पर्धा में प्रथम पुरस्कार जीता। केरल एवं बिहार के पूर्व राज्यपाल श्री आर.एल. भाटिया ने श्री हुड्डा को यह पुरस्कार प्रदान किया। यह प्रतियोगिता आज सम्पन्न हुई।
इस प्रतियोगिता का आयोजन कन्ट्री क्लब के खेल दिवस समारोह के उपलक्ष्य में किया गया था। इस प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण टेनिस स्पर्धा थी। टेनिस प्रतियोगिता सिंग्लस,डबल्स तथा वरिष्ठ नागरिक श्रेणियों में आयोजित की गई।
टेनिस स्पर्धा में दूसरा पुरस्कार जाने-माने कानूनविद् श्री के.टी.एस.तुलसी ने प्राप्त किया। इसी क्रम में, श्री एस.के. लखोटिया और उनके सहयोगी को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री हुड्डा ने प्रतियोगिता के विजेता खिलाडि़यों को पुरस्कार वितरित किये, जिनमें श्री सुरेन्द्र साहनी, पुनीत सिंह, श्री अनिल अरोड़ा और अन्य विजेता भी शामिल हैं।
इस अवसर पर श्री हुड्डा ने इस सफल खेल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए कन्ट्री क्लब के प्रयासों की प्रशंसा की । उन्होंने टेनिस खिलाडि़यों के बेहतरीन प्रदर्शन की भी सराहना की। श्री हुड्डा ने कहा कि मुझे टेनिस से विशेष लगाव है और टेनिस मेरे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है।
इस मौके पर कन्ट्री क्लब के अध्यक्ष अजीत वासु, क्लब की खेल समिति के अध्यक्ष एस.के. लखोटिया, क्लब के महा-प्रबन्धक ब्रिगेडियर (सेवानिवृत) प्रभ सिंह तथा विनय मोहन, आर. एस.गांधी और सुरेन्द्र वासुदेवा जैसे अनेक टेनिस प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद थे।