चण्डीगढ़ 5 अप्रैल- हरियाणा में अगले चार दिनों (6 अप्रैल से 9 अप्रैल 2013) का मौसम आम तौर साफ व खुश्क रहने व तापमान में बढ़ौतरी की सम्भावना है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान अधिकतम तापमान 32.0 से 34.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 14.0 से 18.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान हवा 4 से 7 किलोमीटर प्रति घंटा की गति चलने की संभावना है।
प्रवक्ता ने संभावित मौसम की परिस्थितियों के अनुसार कृषि संबंधी सलाह देते हुए बताया कि गेहूं की फसल में आवश्यक हो तो सिचांई करें। अगर खेत में कुछ पौधे बीजी गई किस्म के पौधों से भिन्न दिखाई दें तो उनको बीज की शुद्वता के लिए निकाल दें।
कपास व नरमा की फसल के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कपास व नरमा की बिजाई के लिए खेत तैयार करना शुरू करें तथा प्रमाणित बीज का प्रबन्ध करें। जो किसान भाई बीटी नरमा की बिजाई करना चाहतें हैं तो वे मंजूरशुदा किस्मों के बीज का प्रबन्ध करें।
हरा चारा के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि खेत को अच्छी प्रकार से तैयार करके गर्मी के चारे के लिए ज्वार, बाजरा, लोबिया, सूडान व हाथी घास की बिजाई करें। सरसों की फसल के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव को देखते हुए पक्की हुई सरसों की फसल की कटाई जल्दी से जल्दी पूरी कर लें।
पशु देखभाल के सम्बन्ध में उन्होंने बताया कि रात को पशुओं को पशुघर में बांधे व बिछावन को सूखा रखें। पशुओं को बिमारियों से बचाव व अच्छे दुग्ध उत्पादन के लिए अच्छी किस्म का खनिज मिश्रण 50 से 100 ग्राम प्रतिदिन पशु अवश्य दें।