हिसार, 4 अप्रैलः अमर शहीद बाबा बंदा सिंह बहादर द्वारा स्थापित डेरा बाबा बंदा बहादर (रियासी) जम्मू कश्मीर के स्थापना के 300 वर्ष पूर्ण होने पर श्री गुरू ग्रंथ साहिब जी की छत्र छाया में ‘विशाल चेतना मार्च’ का आयोजन किया जा रहा है। 5 अप्रैल को रोहतक से हरियाणा के मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
टिकाना बाबा बंदा बहादर गुरूद्वारा के महासचिव भूपेंद्र पाहवा ने बताया कि यह यात्रा हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों, पंजाब, हिमाचल प्रदेश व जम्मू होती हुई 11 अप्रैल को डेरा साहिब रियासी पहुंचेगी। यात्रा 6 अप्रैल शनिवार को लगभग एक बजे हिसार पहुंचेगी। जिसमें बरवाला चुंगी 1 बजे, पृथ्वीराज चौहान चौक बाईपास पर डेढ़ बजे, गुरूद्वारा सिंह सभा माडल टाऊन 2 बजे, डाबड़ा चौक अढ़ाई बजे, कैंप चौक दो बजकर 40 मिनट पर, अग्रसेन भवन पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान 3 बजे, गुरूद्वारा सिंह सभा नागोरी गेट साढ़े तीन बजे व चार बजे सैक्टर-14 होते हुए यात्रा फतेहाबाद के लिए रवाना होगी। वर्तमान गद्दीनशीन बाबा जतिंद्रपाल सिंह जी सोढी के दर्शन होंगे एवं पंज प्यारे अस्त्र-शस्त्र के साथ शोभा यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे, जिससे साध संगत दर्शन कर सकेगी। हजारों की संख्या में संगत यात्रा में साथ होगी। इस शोभा यात्रा का हिसार के निश्चित किए गए सभी स्थानों पर शहर की संगत द्वारा स्वागत किया जाएगा। सभी स्थानों पर प्रसाद, जल सेवा, छबीलें व खाने की स्टालों का प्रबंध किया जाएगा।