चण्डीगढ - श्री गुरू गोबिंद सिंह की जी के 350 वें प्रकाशोत्सव के समापन समारोह में शामिल होने के लिए सोनीपत से 140 यात्रियों का जत्था आज विशेष ट्रेन से रवाना हो गया। रेलवे स्टेशन पर शहरी स्थानीय निकाय, महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर जत्थे को रवाना किया। इस दौरान जो बोले सो निहाल के उद्घोष ने पूरे रेलवे स्टेशन परिसर को भक्तिमय कर दिया।
इस दौरान रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए श्रीमती जैन ने कहा कि हरियाणा सरकार ने सभी महापुरूषों का सम्मान करने तथा आमजन को उनकी विचारधारा पर आगे बढने के लिए राज्य स्तरीय समारोह आयोजित करने की परंपरा सरकार द्वारा शुरू की गई है। प्रत्येक महापुरूष की जयंती जिला स्तर तक मनाने की व्यवस्था की गई है। श्री गुरू गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व के समापन पर ऐतिहासिक समारोह पटना साहिब श्रद्धालुओं को नि:शुल्क भेजने की व्यवस्था हरियाणा सरकार द्वारा की जा रही है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दो रेलगाडियां भेजने का निर्णय लिया है। इसमें आज एक रेलगाडी अंबाला से तथा दूसरी रेलगाडी सिरसा से रवाना हो रही है। अंबाला से चली इस रेलगाडी के माध्यम से 1200 श्रद्धालुओं को भेजने की व्यवस्था की गई है, जिसमें 140 श्रद्धालु और उनके साथ 15 बच्चे सोनीपत से पटना साहिब में ऐतिहासिक आयोजन के गवाह बनेंगे। श्रद्धालुओं के लिए सरकार द्वारा नोडल अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी समेत प्रत्येक सुविधा की व्यवस्था की गई है। आज सरकार की मंशा हरियाणा एक-हरियाणवी एक की विचारधारा पर आगे बढने और सबका साथ-सबका विकास की भावना पर अपने दायित्व का निवर्हन करने की है। उन्होंने पटना साहिब में इस खास मौके पर गुरू गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व आयोजन में शिरकत करने जा रहे सभी श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा की कामना भी की।