चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि वे अब तक की हरियाणा सरकार की उपलब्धियों से संतुष्ट हैं और पूंजी निवेश व अन्य क्षेत्रों में जो प्रयास किए गए हैं उनके निकट भविष्य में सार्थक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में नए एमओयू (स्मरण पत्र) साइन किए गए हैं और एग्रीमेंट किए गए हैं जिनका शीघ्र ही क्रियान्वयन होगा और प्रदेश में समुचित विकास होगा।
वे नई दिल्ली में जापान-चीन रवाना होने से पूर्व पत्रकारों से बात कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टर मीट में जापानी व चीनी निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल होगा जो आगामी 23 जनवरी तक दोनों देशों का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि इस शिष्टमंडल में बिजनेस डेलिगेशन के अलावा राज्य के उद्योग मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कविता जैन, दिनेश चंद्र कौशिक-विधायक, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव देवेन्द्र सिंह, एचएसआईआईडीसी के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल शामिल हैं।