गुडगांव - पर्ल्स ग्रुप के प्रमुख निर्मल सिंह भंगू से सीबीआई पूछताछ में खुलासा हुआ है कि हरियाणा में उसके पास करोड़ों रुपये की 1841 एकड़ जमीन और संपत्तियां हैं जो उसने कथित रुप से पोंजी योजना से जुटाए। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि एजेंसी ने पाया कि गुडगांव में 44 वाणिज्यिक संपत्तियों के अलावा हरियाणा के विभिन्न जिलों में कंपनी और उसकी सहायक कंपनियों के पास 1841 एकड़ जमीन है। गुडगांव की इन 44 वाणिज्यिक संपत्तियों में 14 ग्लोबल फोयेर में हैं जो मिलेनियम सिटी में पहला लक्जरी मॉल है। सूत्रों ने बताया कि बैनामों की एनआईए की जांच से पता चला है कि ये 44 वाणिज्यिक संपत्तियां 92.5 करोड़ रुपये में खरीदी गयीं।
इन संपत्तियों के दाम अवश्य ही कई गुणा बढ़ गये होंगे. उन्होंने बताया कि गुडगांव, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, मेवात, पानीपत, पंचकूला, रेवाडी और सिरसा में पर्ल्स एग्रोटेक कोरपोरेशन लिमिटेड (पीएसीएल) और उसकी सहायक कपंनियों के पास 1841 एकड़ जमीन है। सीबीआई ने पर्ल्स ग्रुप के चेयरमैन भंगू सहित चार को गिरफ्तार किया पीएसीएल और पीजीएफ की संपत्तियों की जांच से यह भी पता चला कि राष्ट्रीय राजधानी के पॉश कनॉट प्लेस इलाके में कंपनी के स्वामित्व में 66 वाणिज्यिक स्थान हैं। पीएसीएल और पीजीएफ कथित रुप से पोंजी योजनाएं ला रही थीं और उन्होंने पांच करोड़ निवेशकों से 45,000 करोड़ रुपये उगाहे थे।