हिसार - सतलोक आश्रम प्रकरण में रामपाल सहित 900 से अधिक रामपाल के अनुयायियों पर दर्ज मामले में सोमवार को सुनवाई हुई। सेंट्रल जेल पार्ट-वन में हुई इस सुनवाई की प्रक्रिया के दौरान अलसुबह करीब साढ़े 4 बजे से ही रामपाल के अनुयायी टाउन पार्क और बैंक कॉलोनी क्षेत्र में एकत्र हो गए। सुबह सैर के लिए आने वाले शहरवासियों को आज सुबह टाउन पार्क रामपाल के अनुयायियों से भरा हुआ मिला, मगर पुलिस प्रशासन ने अनुयायियों को सुबह होते-होते वहां से रवाना कर दिया। वहीं जेल में रामपाल और उनके अनुयायियों की पेशी के वक्त बैंक कॉलोनी में एकत्र होने वाली अनुयायियों की भीड़ से क्षेत्र के लोग काफी परेशान हैं।
आज सुनवाई के दौरान रामपाल के अनुयायियों में विदेश से आया एक व्यक्ति भी शामिल था। देश से बाहर स्पेन में रहने वाले हेमंत ने बताया कि वह रामपाल का अनुयायी है और वे उनके दर्शन मात्र के लिए यहां आए हैं। वहीं आज पेशी के दौरान रामपाल के दर्शन करने की इच्छा से पंजाब, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, दिल्ली क्षेत्र से भी अनुयायी आए हुए थे। ये अनुयायी इस दौरान जेल के आगे दंडवत प्रणाम करते भी नजर आए।