अम्बाला - स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हुड्डा के साथ-साथ सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा को भी लपेटा। आज यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हुड्डा का यह बयान हास्यास्पद है कि यदि वाड्रा गांधी परिवार के दामाद न होते तो इतना शोर नहीं मचता। उन्होंने कहा कि दरअसल हुड्डा इस तरह की बयानबाजी करके वाड्रा के अपने पुराने कर्ज को उतारना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वाड्रा की वजह से ही हुड्डा 10 साल तक हरियाणा के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे रहे अन्यथा पार्टी के भीतर उनका जितना विरोध था, उनका टिकना संभव नहीं था।
उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के उस बयान पर भी कड़ी आपत्ति जतायी जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा राम मंदिर के नाम पर देश को बांटने में लगी है। उन्होंने कहा कि तंवर को भारतीय संस्कृति का ज्ञान नहीं है। उन्हें पता होना चाहिए कि भगवान राम भारतीयों के आदर्श हैं और उनके नाम पर यह देश जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से साम्प्रदायिक भावना को भड़का कर अपनी राजनीति करती है, लेकिन अब उनका यह धंधा चलने वाला नहीं है।