चंडीगढ़ - हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। प्रदेश सरकार के हवाले से संसदीय कार्यमंत्री रामबिलास शर्मा ने नेशनल हेराल्ड मामले की जांच करवाने की घोषणा की है। सरकार ने इसके लिए जमीन तैयार कर ली है। हरियाणा के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री राम बिलास शर्मा ने कहा कि पिछली हुड्डा सरकार के कार्यकाल में पंचकूला के 13 औद्योगिक प्लाटों और नैशनल हैराल्ड का प्रकाशन करने वाली ए.जे.एल. कंपनी को आबंटित किए गए प्लाट की किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि ए.जे.एल. कांग्रेस का राष्ट्रीय भ्रष्टाचार है। नैशनल हैराल्ड मामले में सोनिया गांधी व राहुल गांधी को कोर्ट में बुलाया गया तो कांग्रेसियों ने कोर्ट के बाहर ही कार्यकर्ता सम्मेलन बुला लिया। उन्होंने कहा कि पंचकूला के 13 औद्योगिक प्लाटों की तरह ही नैशनल हैराल्ड का मामला भी धांधली है और इन सबकी किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच करवाई जाएगी।