चंडीगढ़ - हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि पहले चरण में प्रदेश के 84 अस्पतालों को राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएच) से मान्यता प्राप्त करवाए जाएंगे। इसके लिए अस्पतालों में एनएबीएच स्तर की सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने इस संबंध में एनएबीएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के के कालरा के साथ बैठक की।
उन्होंने बताया कि इन अस्पातलों में प्रत्येक जिला से एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, एक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, एक उपमंडल अस्पताल तथा जिला अस्पताल शामिल होंगे। इनके साथ ही प्रदेश में बनाये जा रहे के सभी नये अस्पतालों के भवनों को भी एनएबीएच के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयार किया जाएगा तथा पुराने अस्पतालों के भवनों को एनएबीएच के अनुसार व्यवस्थित कर सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
विज ने बताया कि एनएबीएच स्तर के अस्पताल बनाने में सहायता लेने के लिए निजी फर्मों की सहायता ली जाएगी। इसके लिए विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन भी किया है जोकि इनकी सहायता से अस्पतालों में एनएबीएच स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाने की योजना बनायेंगे। एनएबीएच से मान्यता प्राप्त अस्पतालों में मरीजों को सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ अस्पताल के भवन, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, अग्नि सुरक्षा यंत्र, प्रयोगशाला सुविधा व आईईसी सहित अन्य सभी सुविधाएं प्राप्त करवाई जाएगी।