सोनीपत - समान काम के लिए समान वेतन, स्वास्थ्य विभाग की तर्ज पर हर माह 2 हजार रुपये यात्रा भत्ता, वेतन व टीए का बजट हर माह नियमित रूप से देने की मांगों को लेकर रविवार को आईसीडीएस सुपरवाइजर वेलफेयर एसोसिएशन ने कैबिनेट मंत्री कविता जैन के आवास के बाहर जमकर हंगामा किया। उन्होंने नारेबाजी कर मंत्री को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने सरकार को चेताया कि वह पूर्व सरकार के नक्शे कदम पर चलने की बजाय कर्मचारियों की मांगों का समाधान करे।
रविवार को आईसीडीएस एसोसिएशन की सदस्य सोनीपत में एकत्रित हुईं और प्रदर्शन करते हुए कैबिनेट मंत्री कविता जैन के आवास पर पहुंचीं। प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया। सरकार पर कर्मचारियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। एसोसिएशन की प्रदेशाध्यक्ष सबिता ने कहा कि सुपरवाइजर मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्याओं के समाधान के लिए कदम नहीं उठया है। उहोंने कहा कि मंत्री ने पिछली बैठक में आश्वासन दिया था कि सुपरवाइजरों की चार्जशीट के केस जल्द निपटाए जाएंगे।