चंडीगढ़ - हरियाणा की पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ दबाव की राजनीति करने वाले पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव को उनके खिलाफ बयान देना महंगा पड़ गया है। दक्षिण हरियाणा से संबंधित हुड्डा समर्थक पूर्व मंत्रियों एवं विधायकों ने अजय यादव की घेराबंदी करके उनके खिलाफ राजनीतिक मोर्चा खोल दिया है।
हुड्डा समर्थकों ने अजय यादव पर विपक्ष के हाथों में खेलने का आरोप लगाया है। अजय यादव कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हुड्डा के खिलाफ दबाव की राजनीति करते रहे हैं। अजय यादव ने गत दिवस कहा था कि वर्ष 2009 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी सरकार बनाने के लिए खरीदो-फरोख्त की थी। अजय यादव के इस बयान पर भडक़े कांग्रेसी नेता पूर्व मंत्री राव धर्मपाल, पूर्व मंत्री राव नरेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, पूर्व मंत्री चै0 जसवन्त सिंह बावल, पूर्व सीपीएस राव दान सिंह व पूर्व सीपीएस अनिता यादव ने कैप्टन अजय यादव पर विपक्षी दलों के हाथों में खेलने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह उन लोगों में शुमार हैं, जिन्होंने पद और शोहरत तो कांग्रेस से हासिल की और अपनी अनर्गल ब्यानबाजी व आचरण से कांग्रेस की ही लुटिया डुबोने का काम किया।