चंडीगढ़ - हरियाणा सरकार गीता जयंती समारोह इस वर्ष राज्य के सभी 21 जिलों में वृहद स्तर पर 19 से 21 दिसम्बर तक मनाएगी। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के निर्देश पर यह समारोह इस बार राज्य के सभी जिलों पर मनाया जा रहा है। प्रवक्ता के अनुसार समारोह के दौरान क्राफ्ट मेलों और प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय समारोह कुरूक्षेत्र में होगा।
आयोजनों के दौरान 20 दिसम्बर को सभी जिलों में शिक्षा विभाग के सहयोग से भगवद् गीता पर सेमिनारों का आयोजन किया जाएगा और 21 दिसम्बर को नगरों में शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। इस दौरान गीता पर आधारित अनेक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें स्कूली बच्चे भी भाग लेंगे।