चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लघु सचिवालय, पानीपत के परिसर से तामिलनाडू में आई बाढ़ के दृष्टिगत सरकार की ओर से भेजी जाने वाली राहत सामग्री के ट्रकों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने सरकार की आपदा राहत कोष से एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे haryanacmoffice.gov.in पर जाकर मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान करें।
उन्होंने कहा कि कुदरत के कहर से आई आपदा एक राष्ट्रीय आपदा है, इस आपदा के कारण तामिलनाडू के नागरिक अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं और वहां मानव जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस स्थिति में हरियाणा के नागरिकों का भी यह राष्ट्रीय कर्तव्य है कि वे इस संकट की घड़ी में आपदा में फंसे लोगों की तन-मन-धन से भरपूर मदद करें ताकि इन विस्थापितों को जीवन की मूलभूत सुविधाएं देकर पुनः स्थापित होने में सहायता की जा सके।
मुख्यमंत्री ने इस आपदा में अपनी जान गवाने वाले लोगों के प्रति भी गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि तामिलनाडू में बाढ़ के सैलाब से उत्पन्न स्थिति गम्भीर होती जा रही है। राज्य के अधिकतर हिस्सें जल-मग्न हो गए हैं और मानव जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जैसा कि पानीपत शहर विशेष रूप से कम्बल उद्योग के लिए प्रख्यात है, इसलिए सरकार ने आपदा पीडि़तों की सहायतार्थ 21 लाख रूपये के चद्दर और बिछौने भिजवाने का बीड़ा उठाया है।