शिमला 22 मार्चः मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा जिले के धर्मशाला में आयोजित 61वीं अखिल भारतीय पुलिस खेलों में हैंडबॉल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के पुलिस के रजत पदक विजेता खिलाडिय़ों को एक पदोन्नति देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला पुलिस स्टेडियम को स्तरोन्नत करने पर 50 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी। मुख्यमंत्री आज धर्मशाला में 61वीं अखिल भारतीय पुलिस खेल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार ने उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को दी जाने वाली सम्मान राशि को बढ़ाकर दोगुना करने का निर्णय लिया है। परशुराम पुरस्कार विजेताओं की पुरस्कार राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये की जाएगी। सरकार ने खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। उन्हें कई प्रकार के ईनाम प्रदान करने का प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह प्रयास रहेगा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं प्रदान हों और उनके लिए उन्नति के अवसर भी बढ़ाए जाएं।
श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि देश के 32 विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों और अद्र्घ-सैनिक बलों के 1500 खिलाडिय़ों ने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर खेल भावना का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवान दिन-रात अपने कार्य के प्रति समर्पित रहकर प्रदेशवासियों की सुरक्षा करते हैं। अपनी व्यस्तताओं और अधिक कार्यभार के बावजूद भी ये जवान खेल प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों से इन्हें तनाव कम करने में भी सहायता मिलती है। खेलों के माध्यम से खिलाड़ी जीवन के सभी क्षेत्रों विशेषकर कार्य क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने में भी सक्षम होते हैं, क्योंकि खेल हमारा मानसिक एवं शारीरिक विकास सुनिश्चित बनाते हैं। खेल प्रतियोगिताओं में दूसरे राज्यों के खिलाडिय़ों मिलने का अवसर मिलता है, जिससे भाईचारा और सुदृढ़ होता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपना विशेष स्थान बनाएंगे और अपने-अपने राज्य व देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई ऑलोम्पिक खेलों में खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश के हमीरपुर जिले के निवासी श्री विजय कुमार ने ऑलोम्पिक खेलों में शूटिंग में रजत पदक हासिल किया है। उन्होंने श्री विजय कुमार के परिजनों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के प्रतिभावान खिलाडिय़ों को समयक पर सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार वितरित किए। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के श्री सुरेन्द्र ने प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्राप्त किया।
इससे पूर्व, प्रदेश पुलिस के महानिदेशक श्री बी$कमल कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह दूसरा मौका है कि धर्मशाला में अखिल भारतीय पुलिस खेलों का आयोजन किया गया है। इससे पूर्व, वर्ष 2005 में यहां इन खेलों का आयोजन किया गया था। उन्होंने इस दौरान आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।
अन्वेषण ब्यूरो के विशेष निदेशक धनेश्वर शर्मा ने इस अवसर पर खेल रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि देश के 82 पुलिस कर्मियों को अब तक अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया जा चुका है। जबकि लंदन ऑलोम्पिक खेलों में भी दो पुलिस कर्मियों को पदक हासिल हुए।
उत्तरी रेंज के महानिरीक्षक श्री राकेश अग्रवाल ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
परिवहन मंत्री जी.एस. बाली, वन मंत्र ठाकुर सिंह भरमौरी, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, विधायक जगजीवन पाल, अजय महाजन, संजय रतन, पवन काजल एवं यादविन्दर गोमा, हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, पूर्व सांसद चन्द्र कुमार, महानिदेक गृहरक्षा आई.डी. भंडारी, कांगड़ा के उपायुक्त सी. पालरासू, पुलिस अधीक्षक श्री बलबीर ठाकुर तथा पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।