चंडीगढ़, 23 मार्च - झज्जर जिले के बाढ़सा गांव में बनने वाले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स-2)में केन्द्र सरकार के सहयोग से 1800 करोड़ रूपये की लागत से कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना की जायेगी।
यह जानकारी हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री राव नरेन्द्र सिंह ने आज पश्चिमी दिल्ली के मीरा एन्कलेव में पार्क कैंसर अस्पताल के उद्घाटन समारोह के अवसर पर दी। पार्क कैंसर अस्पताल का उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने किया। इस अवसर पर केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डा. जगदीश प्रसाद और पार्क ग्रुप ऑफ हास्पीटल्स के अध्यक्ष डा. अजीत गुप्ता भी मौजूद थे।
राव नरेन्द्र सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में कैंसर रोग की चिकित्सा के लिए समुचित सुविधायें उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोहतक स्थित रीजनल कैंसर सेंटर को अपग्रेड किया जा रहा है और प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य में चार नये मेडिकल कालेजों की स्थापना की जा रही है।
राव नरेन्द्र सिंह ने कहा कि कैंसर अस्पताल की स्थापना पार्क मेडिवर्ल्ड का एक बहुत अच्छा प्रयास है। इस अस्पताल में कैंसर रोगियों की चिकित्सा सरकारी दरों पर की जायेगी, जिससे गरीब और जरूरतमंद कैंसर रोगियों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी गरीब और जरूरतमंद कैंसर रोगियों के इलाज के लिए आरोग्य कोष योजना चलाई जा रही है।
राव नरेन्द्र सिंह ने कहा कि इसके लिए विशेष अभियान चलाये जाने की आवश्यकता है कि कैंसर रोगी आरम्भिक लक्षणों की अनदेखी न करें, ताकि उपचार शुरू करने में देरी न हो। कैंसर रोगी यदि कैंसर की प्रारम्भिक स्थिति में इलाज के लिए आयें, तो उनका सही ढंग से उपचार हो सकता है और जिंदगी को बचाया जा सकता है।