चण्डीगढ़ - हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार ने सत्ता में आने के बाद पिछले एक वर्ष के दौरान राज्यीय राजमार्गों पर स्थापित 24 टोल में से आठ टोल प्वांइट हटाए गए हैं। यह जानकारी हरियाणा विधानसभा में चल रहे शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के समय बलवन्त सिंह सढौरा द्वारा सढौरा से कालाअम्ब तक टोल बैरियर हटाने के संबंध में पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में सदन को दी।
पूर्व विधायकों को टोल टैक्स में छूट प्रदान करने के संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्न के उत्तर में राव नरबीर ने जानकारी दी कि राज्य मार्गों पर तो छूट लोक निर्माण विभाग द्वारा दिलवाई जा सकती है परन्तु राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण केन्द्र सरकार के अधीन आते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य मार्गों पर लगे टोल प्वाइंटस पर विशिष्ट व्यक्तियों के वाहनों को प्राथिमकता आधार पर निकला जाता है। इनेलो के राजदीप फोगाट द्वारा दादरी शहर में राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का खेल स्टेडियम बनाने का कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन है या नहीं पर खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने सदन को अवगत कराया कि दादरी शहर में जमीन उपलब्ध नहीं है।
शहर से चार किलोमीटर दूर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के निकट 10 एकड़ जमीन की पहचान की गई है जहां पर खेल स्टेडियम का निर्माण करवाया जाएगा। इनेलो की नैना सिंह चौटाला द्वारा चौटाला गांव के खेल स्टेडियम में सुविधाएं बढ़ाने के संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्न पर श्री विज ने कहा कि खेल विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि राज्य के सभी खेल स्टेडियमों का ब्यौरा तैयार करें और वहां पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि पहली बार सरकार ने मेवात में खेल कोचों की नियुक्ति की है जो अब तक अनदेखा था।