फरीदाबाद - फरीदाबाद को देश का भावी स्मार्ट सिटी बनाने की कवायद की कड़ी में शहर को पूर्णत: अनीमिया व पॉलीथीन मुक्त बनाने की मुहिम की शुरुआत भी की गई है। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त डॉ अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि सोसायटी द्वारा शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाजसेवी संस्था महेश्वरी ट्रस्ट तथा सर्वोदय अस्पताल के संयुक्त सहयोग से शुरू की जा रही इस मुहिम का उद्देश्य फरीदाबाद की जनता को सेहत की दृष्टि से पूर्णत: स्वस्थ बनाना है।
डॉ अग्रवाल ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से सोसायटी के सचिव की प्रमुख देखरेख में इस मुहिम को तीन चरणों मे चलाया जाएगा। मुहिम का शुभारम्भ फरीदाबाद व बगबगढ़ क्षेत्र के एमसीएफ वार्डों से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस सोसायटी के कर्मचारी, स्वयंसेवक अन्य सहयोगी विभाग तथा उक्त सहयोगी समाजसेवी संस्था द्वारा प्रत्येक वार्ड के स्कूलों एवं कालेजों मे जाकर बच्चों एवं अध्यापकों को अनीमिया व पॉलीथीन से होने वाली घातक बीमारियों के बारे में अवगत कराया जाएगा। इस दौरान जिला के जो स्कूल व कॉलेज पूर्णत: पॉलीथीन मुक्त पाए जाएंगे उनको सर्वोदय अस्पताल की तरफ से ट्राफी भेंट की जाएंगी।