चंडीगढ़ - हरियाणा के वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा है कि प्रदेश के कर्मचारियों की वेतन विसंगति को दूर करने के लिए गठित किए गए माधवन आयोग की रिर्पोट सरकार को मिलने के बाद उस पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाएगा और उसे लागू करने की दिशा में निर्णय लिया जाएगा। आज यहां हरियाणा कर्मचारी महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक करने के उपरांत कैप्टन अभिमन्यु ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। कर्मचारियों की अन्य मांगो के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्हें एक ज्ञापन मिला है और इस पर वे जल्द ही हरियाणा कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों की बैठक मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ करवाएंगे।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि भारत सरकार द्वारा गठित वेतन आयोग ने समय से पहले अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपकर कर्मचारियों के हित में न्यायसंगत कार्य किया है जबकि पूर्व का अनुभव रहा है कि इस कार्य में काफी विलंब होता था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सातवें वेतन आयोग की सिफरिशों पर विचार करने के बाद यह विषय राज्यों के समक्ष आएगा। कैप्टन अभिमन्यु ने हरियाणा कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों से भी कहा कि कर्मचारी वर्ग प्रदेश की ढाई करोड़ जनता की सेवा के लिए है इसलिए वे भी अपने दायित्व की गंभीरता से पालना करें।