अम्बाला - मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अम्बाला शहर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 75.80 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा विकास, नवीनतम तकनीक, पारदर्शी प्रशासन के क्षेत्र में तेजी से नम्बर एक बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में समाज के सभी लोगों के सहयोग की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री पुलिस लाईन मैदान अम्बाला शहर में 15 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने स्थानीय विधायक असीम गोयल की मांग पर अम्बाला शहर में बाढ़ और पानी निकासी की गंभीर समस्या के समाधान के लिए 22.46 करोड़ रुपए, सिविल अस्पताल अम्बाला शहर की क्षमता को 200 बिस्तर से 300 बिस्तर तक करने के लिए 40 करोड़ रुपए, अम्बाला शहर में भगवान वामन के इतिहास से जुड़े धार्मिक स्थल नौरंग राय तालाब के विस्तार और सुधार के लिए 3.50 करोड़ रुपए, सिंचाई विभाग के विश्राम गृह के पुन:निर्माण के लिए 2.75 करोड़ रुपए, म्यूनिसिपल पार्क के विस्तार और सौंदर्यकरण के लिए 3.50 करोड़ रुपए, अम्बाला शहर और नन्यौला अनाज मंडी में दो विशेष शैडों के निर्माण के लिए 3.58 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।