चंडीगढ़ - हरियाणा के परिवहन मन्त्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा है कि प्रदेश के लोगों को बेहतरीन, समयबद्ध तथा सुरक्षित परिवहन सेवाएं देने के उद्देश्य से कुछ परिवहन मार्गों पर निजी बस ऑपरेटरों की सेवाएं ली जाएंगी। इसी के तहत नई परिवहन नीति को मंजूदी दी गई है। पंवार हरियाणा निवास में एक पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले काफी समय से प्रदेश की जनता द्वारा यह मांग की जा रही थी कि कई सारे परिवहन मार्गों पर पर्याप्त बस सेवा नहीं है।
इसीलिये सरकार ने जनता की बसों की मांग को पूरा करने के दृष्टिगत नई परिवहन नीति के तहत प्राइवेट बस ऑपरेटरों से बसों की हरियाणा परिवहन के बेड़े में सेवाएं लेने का निर्णय लिया गया है। प्राइवेट बसों का नियन्त्रण व निरीक्षण का कार्य हरियाणा परिवहन के पास ही रहेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा परिवहन की बसों में भी वर्तमान में 4200 बसों की संख्या को बढ़ाकर इस वर्ष तक 5000 किया जाएगा। 300 नई बसों के खरीद आदेश दिये जा चुके हैं। इसके उपरांत शेष बसों को खरीदा जाएगा। परिवहन मन्त्री ने कहा कि हरियाणा परिवहन के घाटे को कम करने के हर सम्भव प्रयास किये जाएंगे।
बसों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ 725 चालकों व 636 अन्य तकनीकी स्टाफ की भर्तियां की जा रही हैं। नियमित भर्ती के लिये भी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को मांग भेजी गई है। पंवार ने कहा कि प्राइवेट बसों को नई नीति के तहत दिये जाने वाले परमिट भी हरियाणा परिवहन के होंगे। इसके अलावा परिचालक भी हरियाणा रोडवेज का होगा। पहले परमिट धारकों को भी नई नीति में वरीयता दी जाएगी। बशर्ते कि वे ई-निविदा में आवेदन करें।