चंडीगढ़ - बाक्सर विजेंदर ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर से मुलाकात करके सरकार द्वारा अब तक दिए गए सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। विजेंदर लंदन में निजी कंपनी के साथ प्रो.बाक्सिंग का एमओयू करने के बाद पहली बार हरियाणा आए हैं। विजेंदर की छुट्टी को लेकर लंबे समय तक विवाद चलता रहा है। विवाद के बीच में ही विजेंदर जुलाई माह के दौरान विदेश रवाना हो गए थे। इस बीच सरकार ने उनकी छुट्टी मंजूर कर ली है।
दीपावली के अवसर पर विजेंदर भिवानी स्थित अपने घर आए थे। विजेंदर ने इस बार यहीं अपने घर वालों के साथ दीपवली मनाई है। इसी दौरान विजेंदर चंडीगढ़ आए और मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के साथ मुलाकात करके सरकार द्वारा उन्हें दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। विजेंदर और मुख्यमंत्री की इस मुलाकात का पूरा ब्यौरा तो सार्वजनिक नहीं हो सका है लेकिन सूत्रों के अनुसार विदेश जाने से पहले विजेंदर ने कई विवादों के बावजूद मुख्यमंत्री से सहमति ली थी। इसके बाद ही वह विदेश गए थे। विदेश में विजेंदर एक मैच जीत चुके हैं। विजेंदर की इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री ने उन्हें मुबारक देते हुए कहा कि विदेश भी रहते हुए भी विजेंदर हरियाणा का नाम रोशन कर रहे हैं। यह पूरे हरियाणा वासियों के लिए गर्व का विषय है।