भिवानी - अनुसूचित एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम के वित्तायुक्त एवं प्रधान सचिव टी.सी. गुप्ता ने बवानीखेड़ा सहित जिले के गोदामों में गेहूं भण्डारण का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त पंकज कुमार व अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देशानुसार प्रधान सचिव टी.सी. गुप्ता ने बवानीखेड़ा में हरियाणा वेयरहाऊस कारपोरेशन के गोदाम में रखे गेहूं के स्टॉक की जांच-पड़ताल की। उन्होंने पहले गोदाम में रखे तराजू का निरीक्षण किया और उसके बाद दस-पन्द्रह बोरियों का वजन करवा कर बैग की जांच की।
जांच के दौरान गोदाम में रखे गये गेहूं की गुणवत्ता सही पाई गई और बोरियों का वजन भी ठीक था। प्रधान सचिव को वेयरहाऊस कारपोरेशन के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि इस गोदाम की भण्डारण क्षमता 19 हजार 200 मीट्रिक टन की है और इस समय 13,536 मीट्रिक टन गेहूं यहां 2,71,453 बोरियों में रखा हुआ है। गुप्ता ने वेयरहाऊस अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोदाम में अनाज खराब होने से बचाने के लिए समय-समय पर दवाइ्र्रयों का छिडक़ाव करवाया जाए और सफाई का पूरा ध्यान रखा जाए।