हिसार, 22 मार्च 2013 : सामाजिक संस्था ‘मदद’ ने जनवरी माह में आदमपुर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त व उन्ह मरीजों के लिए एंबुलैंस सुविधा नहीं होने पर वहां एंबुलैंस उपलब्ध करवाने संबंधी एक मांग पत्र डा. अशोक चौधरी सीएमओ हिसार को सौंपा था। मांग पत्र पर कार्यवाही करते हुए श्री चौधरी ने गत 19 मार्च से आदमपुर में एक एंबुलैंस शुरू कर दी है जिससे वहां के लोगों व मदद संस्था के सदस्यों को काफी राहत मिली है।
आदमपुर में मदद संस्था के सदस्यों को एंबुलैंस की सुविधा न होने से घायलों की सहायता करने में परेशानी आ रही थी जिसके चलते सीएमओ हिसार को एक मांग पत्र सौंपा गया था। संस्था के अध्यक्ष संजीव भोजराज ने आदमपुर में एंबुलैंस सेवा शुरू करने के लिए सीएमओ डा. अशोक चौधरी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इससे आदमपुर के मरीजों, गर्भवती महिलाओं व अन्य घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल पाएगी।