चंडीगढ़ - हरियाणा महिला एवं बाल विकास विभाग ने हरियाणा महिला एवं बाल विकास विभाग ने 14 नवम्बर 2015 को प्रदेशभर में बाल स्वच्छता मिशन का शुभारम्भ करने का निर्णय लिया है। इस दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों को सफाई और सुरक्षित स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं के बारे अवगत करवाया जाएगा। हरियाणा महिला एवं बाल विकास मन्त्री कविता जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के बैनर तले प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किये गए राष्ट्रव्यापी स्वच्छता पहल के दृष्टिगत इस मिशन का शुभारम्भ किया जाएगा।
जैन ने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्र भवनों की उचित ढंग से साफ-सफाई कराने सहित बाल स्वच्छता मिशन के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। क्लीन सैल्फ कैम्पेन के अन्तर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनिश्चित करेंगे कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में भाग लेने वाले सभी बच्चे उत्तम व्यक्तिगत स्वच्छता को अमल में लाएं। कार्यकर्ता यह भी सुनिश्चित करेंगे कि बच्चे खाना खाने से पहले और खाना खाने के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह साफ करें तथा शौचालय जाने के उपरांत भी हाथों को साबुन के साथ उचित ढंग से साफ करें।