चंडीगढ़, 21 मार्च : हरियाणा में लिंगानुपात में सुधार लाने के लिए सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों से जुड़ते हुए करनाल के नीलोखेड़ी खण्ड के गांव शामगढ़ की ग्राम पंचायत ने एक अनूठी पहल की है। ग्राम पंचायत द्वारा 1 मार्च, 2013 के बाद गांव में पैदा होने वाली बालिका शिशु के जन्म पर 1100 रुपये की शगुन राशि दी जायेंगी।
बालिका शिशु को लेकर संवेदनशीलता एवं जागरूकता लाने के लिए ग्राम पंचायत शामगढ़ तथा पधाना ने कन्या भ्रूण हत्या के संबंध में सही सूचना देने वाले व्यक्ति को 21 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा भी की है। इसके अलावा, जिला प्रशासन की ओर से भी 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि अलग से दी जायेगी और व्यक्ति का नाम भी गुप्त रखा जाएगा।
यह घोषणा करनाल में जिला उपायुक्त श्रीमती रेणु एस फुलिया के नेतृत्व में चलाये जा रहे बेटी बचाओ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में दोनों गांवों के सरपंचों द्वारा की गई।