शिमला - हिमाचल प्रदेश में दिवाली के दौरान बारिश के छींटे पड़ने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने आवश्वस्त किया है कि दीपावली के दिन बुधवार को मौसम बिल्कुल साफ रहेगा और लोग त्यौहार अच्छी तरह से मना सकेंगे। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अभी राज्य में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम खराब है। लेकिन इसका असर 10 नवंबर तक रहेगा। 11 से 14 नवंबर तक राज्य के सभी क्षेत्रों में आसमान साफ रहेगा और लोग खिली धूप का आनंद उठा सकेंगे।
इस दौरान जहां अधिकतम तापमान में तो बढ़ोतरी होगी, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से रातें सर्द रहेंगी। इस बीच राजधानी शिमला में सुबह से ही आसमान में सूर्य की लुकाछिपी के साथ बादलों के छाए रहने से मौसम में ठण्डक के साथ सर्दी का प्रकोप रहा। बादल होने के साथ ही तीखी व ठण्डी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में आज सुबह न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है। जनजातीय क्षेत्रों में भीष्ण ठण्ड पड़ रही है। केलंग में पारा शून्य के करीब पहुंच गया है।