चण्डीगढ़ - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में विकास को गति देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर प्राथमिक आवश्यकता है और इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने बिजली, सडक़ और रेल के ढांचे को विकसित करने पर बल दिया है। हरियाणा भौगोलिक दृष्टि से दिल्ली के निकट होने के कारण ढांचागत परियोजनाओं में सबसे अधिक लाभ उठा सकता है। इसीलिए हमने हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्ग के 32 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृति दी है।
प्रधानमंत्री आज सोनीपत जिला के राजीव गांधी एजुकेशन सिटी कुंडली में 13,802 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनाई जाने वाली भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की तीन बड़ी परियोजनाओं की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित जन समूह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में पंजाब व हरियाणा के राज्यपाल तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा केंद्र व हरियाणा मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद एवं विधायक भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री ने रिमोट कंट्रोल से बटन दबाकर तीन परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस अवसर पर परियोजनाओं से संबंधित एक वृतचित्र भी प्रस्तुत किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह बड़े दु:ख की बात है कि देश की आजादी के 68 वर्षों के उपरांत तथा 21वीं सदी के 15 वर्ष बीत जाने के बाद भी आधुनिक भारत के 18 हजार गांवों में अब तक बिजली नहीं पहुंची है तथा 123 जिले राष्ट्रीय राजमार्ग से नहीं जुड़े हैं। श्री मोदी ने स्मरण कराया कि उन्होंने लाल किले के प्राचीर से देश के हर गांव में बिजली पहुंचाने का वायदा किया है। हालांकि यह कठिन कार्य है, परंतु इस कड़ी में बड़ी परियोजना तैयार की जा रही हैं और जब देश वर्ष 2022 में आजादी के 75वीं वर्षगांठ बनाएगा तो हर गांव में 24 घंटे बिजली पहुंचेगी।
प्रधानमंत्री ने हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में किए जा रहे कार्य की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार सही दिशा में कार्य कर रही है तथा पिछले एक वर्ष के दौरान हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्ग की 32 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जो कि एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और विकास की गति को तेजी मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन तीन परियोजनाओं की परिकल्पना इस प्रकार से की गई है कि अगर इनके साथ नए शहर बसें तो भी कोई समस्या नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि समाज के दलित व शोषित वर्ग का विकास करना राज्य सरकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी बनती है। देश समृद्ध हो, सबका सर्वांगीण विकास हो और लोग आत्म निर्भर बने, इसके लिए ढांचागत विकास करना जरूरी है।