चंडीगढ़ - हरियाणा के रोहतक में उस समय सनसनी फैल गई जब एक ही परिवार के तीन लोगों ने आत्महत्या कर ली। सामूहिक आत्महत्या के पीछे मुख्य कारण बीमारी बताया गया है। पुलिस ने लाशों को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि घटना दो से तीन दिन पहले की है।
जानकारी के अनुसार रोहतक के ओमैक्स सिटी के मकान नंबर 399 में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के पूर्व प्रो. ए. के. शर्मा अपनी पत्नी व बेटे के साथ रहते थे। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में साफ लिखा है कि प्रो. शर्मा को ब्लड कैंसर था। जिसका वह कई जगह इलाज करवा चुके थे। इसके बावजूद वह ठीक नहीं हो रहे थे। प्रो. शर्मा की पत्नी भी लंबे समय से बीमार चल रही थी। उनकी एक किडनी फेल हो चुकी थी।
आश्चर्यजनक बात यह है कि सुसाइड नोट में प्रो. शर्मा ने अपने बेटे अंकुर के बारे में कोई उल्लेख नहीं किया। इसके बावजूद उसकी भी कथित मौत हुई है। ओमैक्स सिटी में रहने वाले लोगों ने आज सुबह देखा कि मकान नंबर 399 पिछले दो दिन से बंद है और उसमें से बदबू आ रही है। जिसके चलते उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की तलाशी ली तो तीन कमरों में तीनों की लाशें पड़ी हुई थी।