चंडीगढ़ - हरियाणा में दालों के भावों को कम करने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है जिसके तहत दालों की परचून बिक्री हेतु विभिन्न प्रकार की दालों के अधिकतम दाम तय किय गए हैं और भविष्य में प्रत्येक जिला में थोक विक्रेता प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाए गए विशेष स्थानों पर दालों की बिक्री निर्धारित दामों के तहत करेंगे और उन्हें सरकार द्वारा मार्किट फीस में छूट दी जाएगी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एस. एस. प्रसाद ने बताया कि सभी थोक विक्रेताओ के साथ विस्तृत चर्चा उपरांत यह सहमति बनी कि प्रदेश में परचून में चना दाल 58 रुपये, मूंग दाल 95-100, मसूर (मल्कां) 75-80 रुपये, मसूल दाल 70-74 रुपये तथा उड़द दाल (छिल्का) 120-125 रुपये से अधिक नहीं बेची जाएगी। जिसके लिए सभी थोक विक्रेताओं द्वारा सहमति दे दी गई है।
इसके साथ ही सभी प्रकार की दालों का एक साथ स्टाक के लिये विनिर्माता (दाल मिलें) हेतू स्टाक सीमा वार्षिक पिसाई क्षमता का 1/24 हिस्सा निर्धारित किया गया है। कच्चे माल के लिये व स्टाक सीमा वार्षिक पिसाई क्षमता का 1/48 हिस्सा निर्धारित किया गया है और साथ सरकार ने थोक विक्रेता, वितरक एजेंट, विक्रेता एजेंट इत्यादि के लिये दालों की स्टाक सीमा 250 क्विंटल तथा परचून विक्रेता के लिये 25 क्विंटल निर्धारित की गई है। दालों का वितरण आगामी 15 दिन में शुरू हो जाएगा। इससे दालों की कीमतों में और गिरावट आयेगी।