चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के पूर्व उप-मुख्यमंत्री डॉ० मंगलसेन एक राष्ट्रवादी प्रखर विचारधारा के व्यक्ति थे तथा अपने जीवन में उन्होंने अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया। युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर इसे एक आदर्श के रूप में अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वह हिन्दुत्व, राष्ट्रवाद व भारतीय संस्कृति के सजग प्रहरी थे। आरम्भ से ही उनके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास, निर्भीकता और सत्यनिष्ठा इस प्रकार कूट-कूट कर भरी हुई थी कि किसी भी परिस्थिति में वे अपने सिंद्घान्तों से विचलित नहीं होते थे। वे परमनिष्ठावान समाज सेवक थे, जो नि:स्वार्थ भावना से जीवन पर्यन्त कार्य करते रहे। हिन्दी आन्दोलन हो या कश्मीर समस्या, हरियाणा के हितों की रक्षा, पाकिस्तान या चीन के आक्रमण के समय में अथवा प्रत्येक सामाजिक व राष्ट्रीय संकट के क्षणों में उनकी अत्यन्त सक्रिय भूमिका रही थी।