करनाल - करनाल-कैथल मार्ग पर स्थित एक फोम फैक्ट्री में भयंकर आग लगने से उसमें रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि रविवार का दिन होने की वजह से वहां छुट्टी थी, लिहाजा कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार करनाल-कैथल मार्ग पर स्थित भगवती इंटरप्राइजिज की फोम की फैक्ट्री में आज दोपहर बाद आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं के गुब्बार कई किलोमीटर दूर से ही देखे जा सकते थे। लोगों में इस बात का रोष है कि समय पर सूचना देने के बावजूद दमकल गाड़ी काफी देर से पहुंची, जिसके चलते आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और आग के कारणों का पता लगाने में जुट गया।