चण्डीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज कैथल में वर्तमान राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किये जाने वाले जन समारोह को सम्बोधित करेंगे। सरकारी प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर जिलावार समारोह आयोजित किये जा रहे हैं। इस सम्बंध में मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से सभी मण्डलायुक्तों तथा उपायुक्तों को पत्र जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 25 अक्तूबर को सिरसा में आयोजित जन समारोह में भी भाग लेंगे। इसी प्रकार, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज 26 अक्तूबर को पंचकूला तथा 29 अक्तूबर को मेवात में आयोजित किये जाने वाले जन समारोहों में मुख्य अतिथि होंगे। कृषि मंत्री ओ.पी.धनखड़ 26 अक्तूबर को रेवाड़ी में आयोजित जन समारोह में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला 30 अक्तूबर को फतेहाबाद में आयोजित जन समारोह में भाग लेंगे जबकि उसी दिन शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा अम्बाला में जन समारोह को सम्बोधित करेंगे। मुख्यमंत्री 31 अक्तूबर को कुरूक्षेत्र में जन समारोह को सम्बोधित करेंगे तथा शिक्षा मंत्री भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।