फरीदाबाद - मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बृहस्पतिवार को सुनपेड़ गांव पहुंच कर अग्निकांड के पीडि़त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने जितेंद्र का हालचाल पूछा और घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने 10 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक भी पीडि़त परिवार को सौंप दिया। सीएम ने कहा कि दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती घायल रेखा के इलाज का खर्च सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया की दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में कोताही नहीं बरती जाएगी। सीएम ने कहा कि घटना में 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और शेष अरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह दुर्घटना 2 परिवारों के बीच पिछले साल से पैदा हुई रंजिश का परिणाम है और इसे जातीय व राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, सीमा त्रिखा, विधायक मूलचन्द शर्मा भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने सुनपेड़ गांव में पहुंचने से पहले सेक्टर 16 स्थिति सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं और आला अधिकारियों की बैठक ली, बैठक गुप्त रूप से ली गयी और मीडियों को इससे दूर रखा गया। सूत्रों से पता चला कि सुनपेड़ कांड को लेकर विचार-विमर्श किया गया। कई विशेष निर्देश दिये गये हैं।