शिमला - हिमाचल प्रदेश की वीरभद्र सरकार को भी महंगी दाल की आखिरकार याद आ गई है। वीरभद्र सिंह सरकार में खाद्य व नागरिक आपूर्ति व परिवहन मंत्री जीएस बाली ने आज शिमला में एक पत्रकार वार्ता में देश में बढ़ती महंगाई खासकर आसमान छूती दालों की कीमतों के लिए केंद्र की मोदी सरकार को जिम्मेवार ठहराया और कहा कि प्रदेश में दालों की जमाखोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने इस मामले में राज्य के सभी जिलाधीशों को तुरंत कार्रवाई करने को कहा है और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से भी दालों की जमाखोरी को लेकर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है। बाली ने कहा कि दालों व प्याज सहित अन्य आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों को बढऩे से रोकने के लिए हर संभव उपाय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कीमतों पर नियंत्रण रखना केंद्र सरकार का काम है, फिर भी राज्य अपने स्तर पर हर संभव कार्रवाई करेगी।