रोहतक - रोहतक से दिल्ली के लिए चली खुर्जा पैसेंजर में सोमवार रात तीन बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर कूरियर कंपनी के दो कर्मियों से लाखों रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर यात्रियों को गोली मारने की धमकी देकर चुप कराया और खरावड़ स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही पैसे लेकर फरार हो गए। चलती ट्रेन में लूट की वारदात से रेलवे पुलिस में हडक़ंप मच गया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चर्चा है कि बदमाश 30 लाख रुपये लूट ले गए और यात्रियों के विरोध के चलते लगभग इतनी ही रकम लुटने से बच गई, हालांकि रकम के बारे में कोई भी कुछ साफ नहीं बता रहा है। दिल्ली के चांदनी चौक में आशीष कुमार एंड अंकित कुमार कूरियर कंपनी है। इस कंपनी के कर्मचारी राजस्थान के सिरोही निवासी धीरज और मांडनी निवासी कुइंया राम सोमवार को दिल्ली से रोहतक आए थे। दोनों को शौरी मार्केट के एक व्यापारी से रुपये लेने के लिए भेजा गया था। शाम को दोनों कर्मचारी रुपयों से भरा बैग लेकर दिल्ली जाने के लिए खुर्जा पैसेंजर ट्रेन में चढ़ गए।
उसने बताया कि उनके बैठते ही सामने वाली सीट पर तीन युवक आकर बैठे। उन्होंने बैग में रखे सामान के बारे में पूछा। बैग में कपड़े होने की बात बताते ही उन्होंने छीनाझपटी शुरू कर दी। विरोध किया तो पिस्तौल दिखाकर बैग छीन लिया। ट्रेन में लूट की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। जीआरपी थाना रोहतक के प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता धीरज के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ स्नैचिंग व लूटपाट सहित कई आरोपों में केस दर्ज किया गया है। अभी इस बात की पुष्टि नहीं की जा सकती कि लुटेरे कुल कितनी राशि लूट ले गए।